बिहार में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है.
News Pratyaksh | Updated : Sat 10th Jan 2026, 11:30 am
#newspratyaksh #Bihar
बिहार में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत भारतीय पुलिस सेवा के 71 अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई पोस्टिंग दी गई है. इस बड़े प्रशासनिक फैसले को राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. तबादले का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. जारी अधिसूचना के मुताबिक, 1991 से 1996 बैच के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसमें पुलिस मुख्यालय, विशेष शाखा, अपराध अनुसंधान विभाग, रेलवे पुलिस, प्रशिक्षण और विशेष सशस्त्र बल जैसे अहम विभाग शामिल हैं. कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. तबादला सूची के अनुसार, 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा वर्तमान में पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, बिहार, पटना के पद पर कार्यरत थीं. अब उन्हें बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम, पटना में महानिदेशक-सह-अध्यक्ष और सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह पद गैर-संवर्गीय है, लेकिन पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है.