मिर्जापुर: द मूवी' का ट्रेलर 11 अगस्त को होगा रिलीज, 8 शहरों में प्रमोशनल रोड ट्रिप से बनेगा 'भौकाल'
News Pratyaksh | Updated : Fri 31st Jul 2026, 01:12 pm
मिर्जापुर: द मूवी' का ट्रेलर 11 अगस्त को होगा रिलीज, 8 शहरों में प्रमोशनल रोड ट्रिप से बनेगा 'भौकाल'
मुंबई: लंबे इंतजार के बाद 'मिर्जापुर: द मूवी' का टीजर रिलीज होने के साथ ही फैंस का उत्साह चरम पर है। अब फिल्म को लेकर एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ऑफिशियल ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा, जिसके बाद मेकर्स देशभर में बड़े स्तर पर प्रमोशनल अभियान शुरू करेंगे।
8 शहरों में पहुंचेगी 'मिर्जापुर' की स्टारकास्ट
सूत्रों के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म की टीम 7 से 8 शहरों में विशेष मल्टी-सिटी ट्रेलर लॉन्च रोड ट्रिप करेगी। इस दौरान पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा समेत फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट अलग-अलग शहरों में फैंस से मुलाकात करेगी और सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म का जबरदस्त माहौल तैयार करेगी।
दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
4 सितंबर को होगी सिनेमाघरों में रिलीज
'मिर्जापुर: द मूवी' को Amazon MGM Studios और Excel Entertainment प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है।
यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।