News Pratyaksh


रांची में एयर गन के साथ संदिग्ध ऑटो चालक हिरासत में, यात्रियों से लूटपाट की आशंका

News Pratyaksh | Updated : Mon 26th Oct 2026, 12:48 pm
रांची में एयर गन के साथ संदिग्ध ऑटो चालक हिरासत में, यात्रियों से लूटपाट की आशंका
रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पंडरा ओपी पुलिस ने एक ऑटो चालक को एयर गन के साथ पकड़ा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, यात्रियों से लूटपाट में उसकी संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, पंडरा ओपी पुलिस ने देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक ऑटो चालक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक एयर गन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान वह एयर गन के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पंडरा थाना ले गई।
हिरासत में लिए गए ऑटो चालक की पहचान रवि स्टील निवासी गुड्डू के रूप में हुई है। पुलिस उससे एयर गन रखने के कारणों और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
ऑटो से यात्रियों को निशाना बनाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि आरोपी एयर गन का इस्तेमाल कर यात्रियों को डराने या लूटपाट करने की घटनाओं को अंजाम दे सकता था। हालांकि, यह फिलहाल पुलिस का संदेह है और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में रांची में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में एयर गन के साथ ऑटो चालक के पकड़े जाने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।