ऑटो डेस्क: इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast ने भारत में अपने Rasad इलेक्ट्रिक स्कूटर के डिजाइन का पेटेंट कराया है। यह एक इलेक्ट्रिक मैक्सी-स्कूटर कॉन्सेप्ट है, जिसे वियतनामी कंपनी ने 2026 की शुरुआत में अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव के तहत पेश किया था।
भारत में बढ़ सकती है VinFast की EV रेंज
Rasad के डिजाइन पेटेंट की फाइलिंग ऐसे समय हुई है, जब VinFast भारत में दो अन्य इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के डिजाइन भी पेटेंट करा चुकी है। इनमें VinFast Viper स्कूटर और एक इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह मोटरसाइकिल कंपनी के Sulad कॉन्सेप्ट पर आधारित हो सकती है, जिसे जनवरी 2026 में भविष्य के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के हिस्से के तौर पर पेश किया गया था।
लगातार हो रही पेटेंट फाइलिंग से संकेत मिलते हैं कि VinFast भारतीय बाजार के लिए पहले घोषित योजनाओं की तुलना में ज्यादा बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रेंज तैयार कर रही है।
कैसा है VinFast Rasad का डिजाइन?
Rasad इलेक्ट्रिक स्कूटर को कंपनी ने मजबूत और एंगुलर डिजाइन दिया है। इसमें मोटे टायर और अंडरबोन चेसिस देखने को मिलती है। इसका डिजाइन Yamaha Aerox और हाल में सामने आए Honda ADV160 जैसे मैक्सी-स्कूटर से मिलता-जुलता नजर आता है।
डिजाइन पेटेंट के मुताबिक, स्कूटर में दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक, लंबी और पर्याप्त जगह वाली स्टेप्ड सीट और बड़ा विंडस्क्रीन दिया गया है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर का इस्तेमाल किया गया है।
हालांकि, डिजाइन पेटेंट होने का मतलब यह जरूरी नहीं है कि यही मॉडल भारत में बिल्कुल इसी रूप में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी की ओर से इसकी लॉन्च टाइमलाइन और तकनीकी स्पेसिफिकेशन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है