News Pratyaksh


BPSC 70वीं और SI परीक्षा रद्द कराने की मांग, पटना में छात्रों का प्रदर्शन; पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े

News Pratyaksh | Updated : Tue 15th Sep 2026, 12:25 pm
BPSC 70वीं और SI परीक्षा रद्द कराने की मांग, पटना में छात्रों का प्रदर्शन; पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े
पटना: BPSC 70वीं और बिहार पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों ने पटना में प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर से सड़क पर उतरकर रामगुलाम चौक तक पहुंच गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
डाकबंगला की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने GPO के पास रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में कुछ छात्र पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ गए।
छात्रों की प्रमुख मांगों में 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने, BPSC 70वीं परीक्षा निरस्त करने, BPSSC इंटर स्तरीय परीक्षा की तारीख घोषित करने और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों ने मास्क और चेहरे पर कपड़ा बांधकर विरोध जताया। छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए शंख बजाकर भी विरोध दर्ज कराया।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ता तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।