News Pratyaksh


हैदराबाद: सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में अंदरूनी मतभेद के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।

News Pratyaksh | Updated : Mon 10th Aug 2026, 12:31 pm
हैदराबाद: सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में अंदरूनी मतभेद के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमिटी के 8 निर्वाचित सदस्यों ने अपने पदों और कमिटी से इस्तीफा दे दिया है। सदस्यों ने मौजूदा कामकाज में भरोसे की कमी का हवाला देते हुए नए चुनाव कराने की मांग की है।
एएनआई के मुताबिक, CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने इस्तीफा देने वाले सदस्यों के नामों की पुष्टि की है। इनमें हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्ढा, हेतल परमार, पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर शामिल हैं।
सामूहिक फैसलों से हटने का लगाया आरोप
संयुक्त इस्तीफा पत्र में सदस्यों ने आरोप लगाया कि उनका फैसला सामूहिक निर्णय लेने, आपसी सलाह-मशविरे और एसोसिएशन के संवैधानिक तरीके से कामकाज के सिद्धांतों से बार-बार हटने के कारण लिया गया है।
इस्तीफा देने वाले सदस्यों का आरोप है कि CINTAA का संचालन धीरे-धीरे कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों तक सीमित होता जा रहा था। उन्होंने विशेष रूप से एसोसिएशन की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे और एग्जीक्यूटिव कमिटी के कुछ अन्य सदस्यों के इर्द-गिर्द कामकाज केंद्रित होने का आरोप लगाया।