असम में साइबर ठगी पर बड़ा एक्शन, करीब 330 आरोपी गिरफ्तार; हैदराबाद-बेंगलुरु तक पहुंची पुलिस की जांच
असम: राज्य में साइबर ठगी और धोखाधड़ी के खिलाफ शनिवार सुबह से चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने करीब 330 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) हरमीत सिंह ने खुद इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस बनकर लोगों को धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए संदिग्धों पर पुलिसकर्मी बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने समेत कई तरह के साइबर फ्रॉड में शामिल होने का आरोप है।
डीजीपी हरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी लोगों को फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे। इसके बाद उन्हें किसी पुलिस केस को सुलझाने या कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर डराया-धमकाया जाता था और उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश की जाती थी।
हैदराबाद और बेंगलुरु तक पहुंची जांच
डीजीपी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ संदिग्धों का सुराग असम के बाहर हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी मिला है। ऐसे संदिग्धों को भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में लाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह से शुरू हुई कार्रवाई में अब तक करीब 330 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने वाली है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान
डीजीपी हरमीत सिंह के अनुसार, साइबर ठगी और धोखाधड़ी के मामलों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान सामने आने वाले अन्य संदिग्धों और गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।