News Pratyaksh


गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक दर्दनाक हादसे में सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना धनोरा तालुका के जपतलाई स्थित आवासीय आश्रम स्क

News Pratyaksh | Updated : Mon 10th Aug 2026, 12:34 pm
गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक दर्दनाक हादसे में सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना धनोरा तालुका के जपतलाई स्थित आवासीय आश्रम स्कूल की है।
जानकारी के मुताबिक, छात्राएं रात में खाना खाने के बाद स्कूल के आवासीय परिसर में सो गई थीं। रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच कुछ छात्राओं के सांप के काटने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान कक्षा 6 की दीपिका लकड़ा और कक्षा 8 की सुष्मिता मंडल की धनोरा अस्पताल में मौत हो गई। वहीं कक्षा 2 की अनु कोरेटी, जिनका गढ़चिरौली जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था, उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
वहीं कक्षा 5 की दीपिका मडावी, कक्षा 6 की कविता किरंगा और कक्षा 8 की समृद्धि सुरेश नैतम का गढ़चिरौली जिला अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें समृद्धि नैतम की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।