झारखंड में आज भी बारिश का दौर जारी, दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
रांची। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को झारखंड के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार शाम तक डीप डिप्रेशन के कमजोर होकर अवदाब (Depression) में बदलने की संभावना है।
गिरिडीह में सबसे ज्यादा 123.6 मिमी बारिश
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान गिरिडीह के नंदाडीह में सबसे ज्यादा 123.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद धनबाद के पुटकी में 118.4 मिमी बारिश दर्ज हुई।
वहीं, रांची के कांके में 102.4 मिमी, सरायकेला के नीमडीह में 97.4 मिमी और धनबाद के तोंपचांची में 75.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, कांके सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे के दौरान डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।