JPSC-JSSC को लेकर रांची में बवाल, CM हाउस जा रहे ABVP कार्यकर्ताओं से पुलिस की धक्का-मुक्की; 4 हिरासत में
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से मार्च निकाला।
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिद्धू-कान्हू पार्क के पास रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
दो बैरिकेडिंग तोड़ी, 4 कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क के समीप पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ABVP के चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए हैं।
JPSC-JSSC परीक्षा रद्द और CBI जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों के हाथों में मौजूद बैनर और पोस्टर पर JPSC और JSSC परीक्षाओं को तत्काल रद्द करने, CBI जांच कराने और उच्च शिक्षा में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर तत्काल बहाली शुरू करने जैसी मांगें लिखी हुई थीं।
फिलहाल पुलिस प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक रही है और इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।