News Pratyaksh


राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में रांची के सभी अंचलों में कामकाज ठप, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

News Pratyaksh | Updated : Mon 26th Oct 2026, 12:46 pm
राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में रांची के सभी अंचलों में कामकाज ठप, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित बालाजी नगर में राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में सोमवार को जिले के सभी अंचलों में राजस्व कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों ने अंचल कार्यालयों में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी और घटना पर गहरा आक्रोश जताया।
इसके बाद राजस्व कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
राजस्व कर्मचारियों ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी की इस तरह हत्या होना गंभीर मामला है। इस घटना से कर्मचारियों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर
राजस्व कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी बताई। उनका कहना है कि कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे बिना किसी दबाव या डर के अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में सामूहिक रूप से कामकाज ठप कर कर्मचारियों ने घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।