Politics


SIR की समयसीमा बढ़ाने की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

News Pratyaksh | Updated : Tue 28th Jul 2026, 12:17 pm
SIR की समयसीमा बढ़ाने की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन रांची: राज्य में चल रहे मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समयसीमा बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के मीडिया संयोजक किशोरनाथ शाहदेव, कांग्रेस नेता सूर्यकांत शुक्ला, सुनील सिंह सहित अन्य नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए संथाल परगना सहित राज्य के अन्य जिलों में सावन माह के दौरान लोगों की व्यस्तता को देखते हुए गणना प्रपत्र भरने की समयसीमा बढ़ाने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि ASDD सूची में करीब 40 लाख नाम शामिल होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के कारण बड़ी संख्या में लोग धार्मिक गतिविधियों में व्यस्त हैं, इसलिए गणना प्रपत्र भरने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक और उचित निर्णय लेगा।

महबूबा मुफ्ती ने विवादित बयान पर मांगी माफी, 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में PDP करेगी शांतिपूर्ण प्रदर्शन

News Pratyaksh | Updated : Tue 28th Jul 2026, 12:16 pm
महबूबा मुफ्ती ने विवादित बयान पर मांगी माफी, 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में PDP करेगी शांतिपूर्ण प्रदर्शन श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान कश्मीरियों को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर माफी मांगी है। इस टिप्पणी के बाद उन्हें राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था। मंगलवार को श्रीनगर में पार्टी के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महबूबा मुफ्ती ने घोषणा की कि 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ पर PDP पूरे जम्मू-कश्मीर के 20 जिला मुख्यालयों में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह टिप्पणी जल्दबाजी में की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय यह था कि कश्मीर में सुरक्षा बलों को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग का "एक कारण मिल जाता है", लेकिन उनके बयान से लोगों की भावनाएं आहत हुईं। महबूबा मुफ्ती ने कहा, "मेरे बयान से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची होगी। वे मुझे अपना मानते हैं, इसलिए छोटी-छोटी बातों पर भी मुझसे नाराज हो जाते हैं। मैं इसके लिए माफी मांगती हूं।" उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके बयान का वायरल वीडियो वास्तविक था। इससे पहले PDP विधायक वहीद पारा ने दावा किया था कि वीडियो के साथ AI के जरिए छेड़छाड़ की गई थी। वहीं, सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने महबूबा मुफ्ती की माफी को पर्याप्त नहीं बताया। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह माफी नहीं बल्कि स्पष्टीकरण है और इसे बिना किसी शर्त के होना चाहिए। साथ ही उन्होंने वहीद पारा से AI से जुड़े दावों पर भी सार्वजनिक माफी की मांग की। पूरी खबर पढ़ें: https://www.newspratyaksh.com/ #MehboobaMufti #PDP #JammuKashmir #Article370 #Article35A #Srinagar #Kashmir #PoliticalNews #BreakingNews #IndiaNews #LatestNews #HindiNews #NewsPratyaksh #NationalConference #JKPolitics #DelhiProtest #Politics #NewsUpdate #India #TrendingNews

बाबूलाल मरांडी का कपिल सिब्बल पर बड़ा हमला, बोले- 'देश को तोड़ने वाले वकीलों में से एक'

News Pratyaksh | Updated : Tue 28th Jul 2026, 12:15 pm
बाबूलाल मरांडी का कपिल सिब्बल पर बड़ा हमला, बोले- 'देश को तोड़ने वाले वकीलों में से एक' पलामू: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि "कपिल सिब्बल देश को तोड़ने वाले वकीलों में से एक हैं।" यह टिप्पणी उन्होंने पलामू में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए की। प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा से पूरे देश में 'समरसता संकल्प अभियान' की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वाराणसी से होगा, जबकि झारखंड में इसका प्रवेश गढ़वा से होगा। उन्होंने बताया कि अभियान का कलश श्रीबंशीधर नगर मंदिर में रखा जाएगा और वहीं रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यह यात्रा चरणबद्ध तरीके से रांची की ओर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करती रही है। जेपीएससी घोटाले के मुद्दे पर बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सरकार है, यदि उनके खिलाफ कोई मामला बनता है तो सरकार उन्हें जेल भेज सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा संसद में चर्चा चाहती है, लेकिन विपक्ष इस विषय पर चर्चा में भाग नहीं ले रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक आलोक चौरसिया, डॉ. शशिभूषण मेहता, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई नेता मौजूद रहे।

दलबदल कानून पर फिर होगी बहस? सुप्रीम कोर्ट ने कपिल सिब्बल की याचिका पर जारी किया नोटिस

News Pratyaksh | Updated : Mon 27th Jul 2026, 12:00 pm
दलबदल कानून पर फिर होगी बहस? सुप्रीम कोर्ट ने कपिल सिब्बल की याचिका पर जारी किया नोटिस नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्वतंत्र राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल की उस याचिका पर विचार करने पर सहमति जताई, जिसमें संविधान की दसवीं अनुसूची (Anti-Defection Law) की संवैधानिक व्याख्या पर पुनर्विचार की मांग की गई है। मामले की सुनवाई जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने की। सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल ने दलील दी कि दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ-4 का वर्तमान स्वरूप लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करता है, क्योंकि इसके जरिए राजनीतिक दलों के विलय (Merger) के नाम पर विधायक और सांसद दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता से बच जाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे अल्पमत दल बहुमत में और बहुमत दल अल्पमत में बदल सकता है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने शुरुआत में इस मामले पर सुनवाई को लेकर हिचकिचाहट दिखाई और कहा कि यह ऐसा विषय है, जिस पर संसद और राजनीतिक दलों को भी विचार करना चाहिए। कोर्ट ने यह भी पूछा कि इस मुद्दे को अनुच्छेद 32 के तहत क्यों उठाया गया है। दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी कर दिया। यह याचिका हाल के वर्षों में विभिन्न राज्यों में हुए राजनीतिक दलबदल और विधायकों के विलय की घटनाओं की पृष्ठभूमि में दाखिल की गई है। क्या आपको लगता है कि दलबदल विरोधी कानून में बदलाव की जरूरत है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।

मुजफ्फरपुर में BJP नेताओं से करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले गैंग का भंडाफोड़, SIT ने 3 आरोपी दबोचे

News Pratyaksh | Updated : Mon 27th Jul 2026, 11:58 am
मुजफ्फरपुर में BJP नेताओं से करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले गैंग का भंडाफोड़, SIT ने 3 आरोपी दबोचे मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में भाजपा नेताओं को व्हाट्सएप पर धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। मामला तब सामने आया जब बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे एवं भाजपा नेता कृष्ण मुरारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 21 से 24 जुलाई के बीच एक ही मोबाइल नंबर से जिले के तीन भाजपा नेताओं को व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजकर कुल 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जांच में पता चला कि संबंधित मोबाइल नंबर आमिर रजा के नाम से पंजीकृत था। इसी नंबर से कृष्ण मुरारी, भाजपा नेता एवं जिला पार्षद इंजीनियर राजेश सहनी तथा भाजपा नेता रंजीत सहनी को जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगी गई थी। कृष्ण मुरारी ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि 24 जुलाई की रात व्हाट्सएप पर आए संदेश में खुद को मुंबई से संचालित गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

पंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, संगरूर में मची सनसनी

News Pratyaksh | Updated : Mon 27th Jul 2026, 11:58 am
पंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, संगरूर में मची सनसनी संगरूर (पंजाब): पंजाब के संगरूर में सोमवार सुबह भाजपा कार्यालय पर कथित पेट्रोल बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार्यालय की दीवारें आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गईं। भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारी ने फोन कर सूचना दी कि अंदर की दीवार पर पेट्रोल जैसी ज्वलनशील सामग्री से आग लगी है और दीवार पूरी तरह काली हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। भाजपा नेता मनिंदर कप्याल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इससे पहले चंडीगढ़ में भी भाजपा कार्यालय को निशाना बनाया गया था और अब संगरूर में भी ऐसी घटना सामने आई है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। वहीं, एसपी दविंदर अत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पेट्रोल बम हमले का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से बीयर की बोतल में भरा पेट्रोल बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल पेट्रोल बम के रूप में किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories