News Pratyaksh


केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! 25 सितंबर को ही मिलेगी सितंबर की सैलरी और पेंशन

News Pratyaksh | Updated : Thu 24th Sep 2026, 12:17 pm
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! 25 सितंबर को ही मिलेगी सितंबर की सैलरी और पेंशन
नई दिल्ली। देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 की सैलरी, वेज और पेंशन का भुगतान तय समय से पहले 25 सितंबर, शुक्रवार को किए जाने का निर्देश दिया गया है। अब कर्मचारियों और पेंशनर्स को महीने के आखिरी कार्यदिवस तक इंतजार नहीं करना होगा।
बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया फैसला
सरकार ने यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया है। आधिकारिक संदेश के मुताबिक, हड़ताल के कारण बैंकिंग ट्रांजैक्शन और चेक क्लियरिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
ऐसे में सितंबर महीने के अंत में भुगतान संबंधी किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) और संबंधित बैंकों को 25 सितंबर को ही भुगतान क्लियर करने का निर्देश दिया गया है।
चौथा शनिवार और रविवार भी रहेगा
इस बार 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल की स्थिति में महीने के आखिरी दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों और पेंशनर्स के भुगतान को पहले ही निपटाने का फैसला किया गया है। इसके अलावा छमाही क्लोजिंग से जुड़े जरूरी वित्तीय भुगतानों को भी समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फैसले से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महीने के अंत में बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की स्थिति में भुगतान को लेकर होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिलेगी।