News Pratyaksh


दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर आज ट्रैफिक प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और लेट; एक्सप्रेसवे व NH-52 पर भी डायवर्जन

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Jul 2026, 09:37 am
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर आज ट्रैफिक प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और लेट; एक्सप्रेसवे व NH-52 पर भी डायवर्जन
कोटा: दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर दरा और कंवलपुरा स्टेशन के बीच दरा घाटी में रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण कार्य के चलते 23 और 27 जुलाई को इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनें देरी से संचालित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दरा और कंवलपुरा स्टेशनों के बीच पुल संख्या 148 के पास नया रेलवे अंडर ब्रिज बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य के तहत आरएच गर्डर की डी-लॉन्चिंग और बॉक्स पुशिंग (कट एंड पुश) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 23 जुलाई को मुंबई की ओर जाने वाली अप लाइन पर दोपहर 12:45 बजे से शाम 5:45 बजे तक (5 घंटे) ब्लॉक रहेगा। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली डाउन लाइन पर दोपहर 1:45 बजे से शाम 4:45 बजे तक (3 घंटे) ब्लॉक रहेगा।
उधर, दरा घाटी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (NH-52) पर भी अंडरपास निर्माण के कारण यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। कराडिया से गोपालपुरा की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए एक्सप्रेसवे अस्थायी रूप से बंद रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
कोटा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन और ट्रैफिक की ताजा जानकारी अवश्य जांच लें तथा निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।#DelhiMumbaiRailway #IndianRailways #Kota #Rajasthan #RailTraffic #TrainUpdate #RailwayBlock #NH52 #DelhiMumbaiExpressway #TrafficDiversion #BreakingNews #TravelUpdate #LatestNews #IndiaNews #PratyakshNews #newspratyaskh