अभिषेक बनर्जी के PA सुमित रॉय गिरफ्तार, सुप्रीम कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज
कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की CID ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव (PA) सुमित रॉय को गिरफ्तार कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद CID ने यह कार्रवाई की।
दरअसल, सुमित रॉय को पहले कोर्ट से गुरुवार तक गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली थी। लेकिन बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत की मांग को खारिज कर दिया। इसके बाद पश्चिम बंगाल CID ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जमीन घोटाले में पूछताछ के बाद सामने आया नाम
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुमित रॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने के पक्ष में दलील दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन घोटाले के मामले में रॉय जांच अधिकारियों के सवालों से बच रहे हैं।
जांच से जुड़े आरोपों के मुताबिक, सालबोनी में सरकारी जमीन की कथित बिक्री के बाद सुमित रॉय के बैंक खाते में बड़ी रकम जमा हुई थी। पिछले महीने 8 अगस्त को वह सालबोनी जमीन धोखाधड़ी मामले में CID के सामने पेश हुए थे, जहां उनसे पूछताछ कर बयान दर्ज किया गया था।
चार मामलों में घिरे सुमित रॉय
सुमित रॉय के वकील ने अदालत को बताया था कि उनके खिलाफ हाल में दो और मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद उनके खिलाफ दर्ज मामलों की कुल संख्या चार हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, जेल में बंद मेदिनीपुर के पूर्व TMC विधायक सुजॉय हाजरा से पूछताछ और उसके बाद हुई जांच के दौरान सुमित रॉय का नाम सामने आया था।
सुमित रॉय पर 2026 विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये लेने का भी आरोप है। इसके अलावा पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी में जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में भी उन्हें आरोपी बनाया गया है।