News Pratyaksh


भाजपा नेता पप्पू तांती हत्याकांड में बड़ा मोड़, पूर्व पार्षद शशि मोदी ने कोर्ट में किया सरेंडर

News Pratyaksh | Updated : Tue 15th Sep 2026, 12:24 pm
भाजपा नेता पप्पू तांती हत्याकांड में बड़ा मोड़, पूर्व पार्षद शशि मोदी ने कोर्ट में किया सरेंडर
भागलपुर: भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती हत्याकांड में नामजद आरोपी और पूर्व पार्षद शशि मोदी ने मंगलवार को भागलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार छापेमारी के बीच उसने अदालत की शरण ली।
इससे पहले पुलिस ने शशि मोदी की पत्नी और वार्ड-51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अब शशि मोदी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, जबकि उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
उमा भूषण तांती की 11 सितंबर को कुतूबगंज कुम्हार टोली के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई के बयान पर शशि मोदी, कृष्णा मोदी और एक अज्ञात शूटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष पद और काली मंदिर समिति से जुड़े विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।