News Pratyaksh


बड़गाई जमीन मामले में CM हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठित, अब शुरू होगा ट्रायल

News Pratyaksh | Updated : Wed 30th Sep 2026, 12:56 pm
बड़गाई जमीन मामले में CM हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठित, अब शुरू होगा ट्रायल
रांची: बड़गाई अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी की विशेष अदालत ने आरोप गठित कर दिया है। आरोप गठन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से अदालत में उपस्थित रहे। यह मामला जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है।
अधिवक्ता संजय कुमार के अनुसार, विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार ने आरोप गठन के दौरान अभियोजन पक्ष यानी ईडी की ओर से लगाए गए आरोप मुख्यमंत्री को पढ़कर सुनाए। इस पर हेमंत सोरेन ने अदालत से कहा कि सभी आरोप गलत हैं और वह निर्दोष हैं।
अब गवाह पेश करेगा अभियोजन पक्ष
मुख्यमंत्री की ओर से पेश अधिवक्ता संजीव सहाय ने बताया कि अदालत ने अभियोजन पक्ष को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही मामले में अब ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।
इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कुल 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित हो चुके हैं। इससे पहले अन्य 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके थे।
हाई कोर्ट में भी चल रही है याचिका
इधर, आरोप गठन की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में भी सुनवाई हुई। हाई कोर्ट की खंडपीठ ने मामले में ईडी को सप्लीमेंट्री एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया है। याचिका की मेंटेनेबिलिटी पर अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी।
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि केवल हाई कोर्ट में सुनवाई लंबित होने के आधार पर निचली अदालत में राहत नहीं ली जा सकती।
क्या है 8.86 एकड़ जमीन का मामला?
ईडी की जांच के मुताबिक, रांची के बड़गाई अंचल स्थित 8.86 एकड़ जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर कथित अनियमितताओं की जांच की गई। ईडी ने 2024 में इस जमीन को लेकर कार्रवाई की थी और अपनी अभियोजन शिकायत में जमीन की कीमत करीब 31.07 करोड़ रुपये बताई थी। हेमंत सोरेन ने जमीन से जुड़े आरोपों से इनकार किया है।