0 महीने बाद चंचला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, भाई ने किया सरेंडर; परिवार के तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में:
शेखपुरा: चर्चित डाककर्मी चंचला कुमारी हत्याकांड में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले में आरोपित मृतका के सगे भाई शुभम कुमार ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। भाई के सरेंडर के साथ ही इस मामले में आरोपित परिवार के तीनों सदस्य पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं।
इससे एक दिन पहले रविवार को मृतका के पिता बचनदेव चौहान ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था। वहीं, चंचला की मां अनीता कुमारी को पुलिस करीब एक सप्ताह पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आत्महत्या का मामला नहीं, हत्या की जांच में बदली कहानी
चंचला कमासी गांव की रहने वाली थी और गया जिले में डाक विभाग में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार, उसने कारे गांव निवासी युवक राहुल से अपनी इच्छा से शादी की थी। बताया जा रहा है कि परिवार इस शादी से नाराज था।
करीब 20 महीने पुराने इस मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने ऐसे तथ्य आए, जिनके आधार पर घटना को आत्महत्या के बजाय हत्या का मामला माना गया।
शादी से नाराज परिवार ने घर बुलाया, हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, चंचला की शादी परिवार को मंजूर नहीं थी। आरोप है कि शादी को सामाजिक रूप से स्वीकार करने का भरोसा देकर उसे घर बुलाया गया।
पुलिस जांच के मुताबिक, 25 नवंबर 2024 को चंचला की हत्या कर दी गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। खास बात यह है कि उस समय मृतका के पिता की ओर से ही थाने में आत्महत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
अब जांच आगे बढ़ने के साथ मामले की पूरी तस्वीर बदलती नजर आ रही है। पुलिस परिवार के तीनों आरोपित सदस्यों से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी सच्चाई और हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है।