BPSC TRE-4 का इंतजार खत्म! 32,388 पदों पर शिक्षक बहाली, STET अभ्यर्थियों को भी मौका
पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है।
बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC मंगलवार शाम तक TRE-4 का विज्ञापन जारी कर सकता है। शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई अधियाचना के मुताबिक, इस भर्ती अभियान के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
इस भर्ती में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षकों के पद शामिल हैं।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
TRE-4 में सबसे ज्यादा 16,101 पद कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 पद और कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847 पद हैं।
यानी कुल भर्ती में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी उच्च माध्यमिक यानी 11वीं-12वीं के शिक्षकों की होगी।
STET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत
TRE-4 को लेकर सबसे अहम खबर माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए है।
विभिन्न विषयों में कक्षा 9-10 और 11-12 के शिक्षकों की पात्रता के लिए STET परीक्षा आयोजित की जा रही है और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान STET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी TRE-4 में आवेदन करने का अवसर मिल सकता है।
यानी जो अभ्यर्थी इस समय STET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, वे भी चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में आवेदन कर सकेंगे।
अब अभ्यर्थियों की नजर BPSC के विज्ञापन पर है, जिसके जारी होते ही आवेदन की तारीख, पात्रता और अन्य महत्वपूर्ण नियमों की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।