News Pratyaksh


मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क का भंडाफोड़, 62 मूल पासपोर्ट के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

News Pratyaksh | Updated : Tue 08th Sep 2026, 12:47 pm
मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क का भंडाफोड़, 62 मूल पासपोर्ट के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। घोघरडीहा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 62 मूल पासपोर्ट जब्त किए हैं। मामले में गिरोह के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को हुआ शक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के अनुसार, अपराध नियंत्रण को लेकर जिले में लगातार वाहन जांच और रात्रि गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में घोघरडीहा थाना की पुलिस टीम हनुमान चौक के पास विशेष वाहन चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान शत्रुपट्टी की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की नजर पुलिस पर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों अचानक बाइक घुमाकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरशाद और रफी अहमद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद काले रंग के बैग से भारत के अलग-अलग राज्यों और जिलों से जारी 62 मूल पासपोर्ट, पांच खाली रजिस्ट्री लिफाफे और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
विदेश में नौकरी के नाम पर मंगवाते थे पासपोर्ट
एसएसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मोहम्मद इरशाद ने पुलिस को बताया कि उसके पिता मोहम्मद आरजू विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर देश के अलग-अलग हिस्सों से पासपोर्ट मंगवाते थे।
बताया गया कि ये पासपोर्ट घोघरडीहा क्षेत्र में ग्रामीण डाक सेवक मोहम्मद अदनान हुसैन के पते पर मंगवाए जाते थे। इसके बाद पासपोर्ट को पटना और कानपुर में सक्रिय एजेंटों मयंक और श्रवण तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पासपोर्ट किन लोगों के हैं, इन्हें किस उद्देश्य से एकत्र किया जा रहा था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। मामले में आगे की जांच जारी है।