News Pratyaksh


धनबाद में बच्चों के इलाज की बड़ी पहल, 18 साल तक के बच्चों का मुफ्त इलाज और सर्जरी

News Pratyaksh | Updated : Wed 12th Aug 2026, 12:20 pm
धनबाद में बच्चों के इलाज की बड़ी पहल, 18 साल तक के बच्चों का मुफ्त इलाज और सर्जरी
धनबाद: सदर अस्पताल में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर बड़ी पहल शुरू की गई है। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में जन्मजात बीमारी, हृदय, आंख, कान, हाथ-पैर और दांत से जुड़ी गंभीर समस्याओं का इलाज अब मुफ्त कराया जाएगा। इसके लिए सदर अस्पताल में 11 से 22 अगस्त तक विशेष RBSK जांच एवं उपचार शिविर लगाया गया है।
जिन बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में संभव नहीं होगा, उन्हें जरूरत के अनुसार बाहर के अस्पतालों में मुफ्त सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
700 बच्चों की हो चुकी है स्क्रीनिंग
पिछले तीन से चार महीनों में जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 700 बच्चों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब इन बच्चों को उनकी बीमारी के आधार पर चरणबद्ध तरीके से उपचार और जरूरत पड़ने पर सर्जरी की सुविधा दी जाएगी।
मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड समेत कई सुविधाओं की शुरुआत
बुधवार को धनबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई नई सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सनी राज ने मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, पार्किंग शेड और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के विशेष जांच शिविर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण किया और रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
जन्मजात बीमारी से लेकर हृदय और आंखों की समस्या का इलाज
RBSK कैंप के तहत 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में गंभीर बीमारियों की पहचान कर उन्हें इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। जन्मजात बीमारी, हृदय रोग, आंख, कान, हाथ-पैर और दांत से जुड़ी समस्याओं के इलाज के साथ जरूरत पड़ने पर सर्जरी भी मुफ्त कराई जाएगी।