News Pratyaksh


ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स बने पुर्तगाल के कप्तान, अब खेलेंगे T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर

News Pratyaksh | Updated : Wed 12th Aug 2026, 12:14 pm
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स बने पुर्तगाल के कप्तान, अब खेलेंगे T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर
स्पोर्ट्स डेस्क: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स अब क्रिकेट में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। 39 वर्षीय हेनरिक्स को पुर्तगाल क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। वह फिनलैंड में होने वाले T20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर C में पुर्तगाल की 14 सदस्यीय टीम की अगुआई करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं 44 इंटरनेशनल मैच
हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2021 में खेला था। उनके नाम ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 4 टेस्ट, 16 वनडे और 24 T20 इंटरनेशनल मैच हैं।
उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट से संन्यास लिया है, लेकिन विदेशी लीग में उनका खेलना जारी रहेगा। वह European T20 Premier League के पहले सीजन में Glasgow Cosmic के लिए खेलेंगे।
Ronaldo से भी है खास कनेक्शन
मोइसेस हेनरिक्स का पुर्तगाल से खास रिश्ता उनके जन्मस्थान की वजह से है। उनका जन्म पुर्तगाल के मदीरा द्वीप में हुआ था। यही वह जगह है जहां दुनिया के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी जन्म हुआ।
हेनरिक्स का परिवार उनके बचपन में ऑस्ट्रेलिया चला गया था। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अपना लंबा घरेलू क्रिकेट करियर बनाया और न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते रहे।
अब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में लंबा सफर तय करने के बाद हेनरिक्स पुर्तगाल की जर्सी में नई शुरुआत करने जा रहे हैं।