हरिद्वार के कुलश्रेष्ठ ने बढ़ाया जिले का मान, अब कंबोडिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे!
हरिद्वार: पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के कक्षा 10 के छात्र कुलश्रेष्ठ ने वॉविनाम मार्शल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार पुलिस और अपने स्कूल का नाम रोशन किया है।
जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कुलश्रेष्ठ का चयन अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह आगामी नवंबर में कंबोडिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कुलश्रेष्ठ की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के साथ-साथ हरिद्वार पुलिस के लिए भी गौरव का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। कुलश्रेष्ठ इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुके हैं।
अब कंबोडिया में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से स्कूल में भी उत्साह का माहौल है।