News Pratyaksh


फर्जी ‘विशिष्ट शिक्षिका’ की आईडी बनाकर करीब एक करोड़ के भुगतान का आरोप, कंप्यूटर ऑपरेटर पर FIR की तैयारी

News Pratyaksh | Updated : Thu 08th Oct 2026, 12:26 pm
फर्जी ‘विशिष्ट शिक्षिका’ की आईडी बनाकर करीब एक करोड़ के भुगतान का आरोप, कंप्यूटर ऑपरेटर पर FIR की तैयारी
भागलपुर: जिला शिक्षा विभाग की डिजिटल व्यवस्था और पोर्टल में कथित गड़बड़ी का फायदा उठाकर सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग की स्थापना शाखा में वर्ष 2019 से संविदा पर कार्यरत एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने ‘तनुश्री’ नाम से कथित फर्जी ‘विशिष्ट शिक्षिका’ की आईडी तैयार कर करीब एक करोड़ रुपये की राशि का भुगतान करा दिया।
मामले का खुलासा पटना स्थित मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) की केंद्रीय टीम द्वारा डिजिटल डेटा के सत्यापन के दौरान हुआ। जांच में ‘तनुश्री’ नाम से बनाई गई संदिग्ध आईडी सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर इसकी पड़ताल शुरू की गई।
कंप्यूटर ऑपरेटर की भूमिका पर जांच में सवाल
प्राथमिक जांच में विभाग में संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अविनाश राज की भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। अविनाश राज भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित सूर्यलोक कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। उसका पैतृक गांव बांका जिले के रजौन प्रखंड क्षेत्र के पुनसिया में बताया गया है।
विभागीय जांच में कथित तौर पर फर्जी आईडी तैयार करने और उससे जुड़े भुगतान की प्रक्रिया में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
साइबर थाने में प्राथमिकी की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ-स्थापना) शशि चंदन चौधरी ने आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ साइबर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि फर्जी आईडी किस तरह तैयार की गई, उसके जरिए कितनी राशि का भुगतान हुआ और इस पूरे मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।