क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर साइबर ठगी, जामताड़ा में एक आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा: क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को जामताड़ा साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ गांव स्थित पोखर के पास छापेमारी की। यहां से पुलिस ने साइबर अपराध के आरोपी महताब अंसारी (27) को गिरफ्तार किया।
बांस की झाड़ियों में छिपा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के पास ट्रांसफार्मर पोल के नजदीक बांस की झाड़ियों में एक साइबर अपराधी के छिपे होने की सूचना मिली थी।
सूचना के बाद साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और महताब अंसारी को पकड़ लिया। आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बरमुण्डी गांव निवासी स्वर्गीय मुख्तार अंसारी का पुत्र बताया गया है।
APK फाइल डाउनलोड करवाकर हासिल करते थे जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी के तरीके का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों द्वारा लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने की बात कहकर फोन किया जाता था।
इसके बाद उन्हें झांसे में लेकर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती थी। पुलिस के अनुसार, इस फाइल के जरिए आरोपियों द्वारा क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी।
साइबर ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक या क्रेडिट कार्ड बंद होने अथवा नया कार्ड जारी कराने के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK या कोई संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
जामताड़ा साइबर थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।