Jharkhand


बड़गाई जमीन मामले में CM हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठित, अब शुरू होगा ट्रायल

News Pratyaksh | Updated : Wed 30th Sep 2026, 12:56 pm
बड़गाई जमीन मामले में CM हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठित, अब शुरू होगा ट्रायल रांची: बड़गाई अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी की विशेष अदालत ने आरोप गठित कर दिया है। आरोप गठन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से अदालत में उपस्थित रहे। यह मामला जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। अधिवक्ता संजय कुमार के अनुसार, विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार ने आरोप गठन के दौरान अभियोजन पक्ष यानी ईडी की ओर से लगाए गए आरोप मुख्यमंत्री को पढ़कर सुनाए। इस पर हेमंत सोरेन ने अदालत से कहा कि सभी आरोप गलत हैं और वह निर्दोष हैं। अब गवाह पेश करेगा अभियोजन पक्ष मुख्यमंत्री की ओर से पेश अधिवक्ता संजीव सहाय ने बताया कि अदालत ने अभियोजन पक्ष को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही मामले में अब ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कुल 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित हो चुके हैं। इससे पहले अन्य 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके थे। हाई कोर्ट में भी चल रही है याचिका इधर, आरोप गठन की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में भी सुनवाई हुई। हाई कोर्ट की खंडपीठ ने मामले में ईडी को सप्लीमेंट्री एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया है। याचिका की मेंटेनेबिलिटी पर अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि केवल हाई कोर्ट में सुनवाई लंबित होने के आधार पर निचली अदालत में राहत नहीं ली जा सकती। क्या है 8.86 एकड़ जमीन का मामला? ईडी की जांच के मुताबिक, रांची के बड़गाई अंचल स्थित 8.86 एकड़ जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर कथित अनियमितताओं की जांच की गई। ईडी ने 2024 में इस जमीन को लेकर कार्रवाई की थी और अपनी अभियोजन शिकायत में जमीन की कीमत करीब 31.07 करोड़ रुपये बताई थी। हेमंत सोरेन ने जमीन से जुड़े आरोपों से इनकार किया है। #newspratyaksh #HemantSoren

“हस्तशिल्प कला” की थीम पर सजेगा ज्योति संगम का भव्य पूजा पंडाल

News Pratyaksh | Updated : Thu 24th Sep 2026, 12:18 pm
“हस्तशिल्प कला” की थीम पर सजेगा ज्योति संगम का भव्य पूजा पंडाल ज्योति संगम श्री दुर्गा पूजा समिति 1959 से लगातार पूजा का आयोजन करते आ रही है । इस वर्ष समिति अपना 67वाँ वर्ष बड़े ही धूमधाम से मनाने जा रही है।इस वर्ष समिति द्वारा बालकृष्ण स्कूल,अपर बाजार के मैदान में "हस्तशिल्प कला" की थीम पर बहुत ही आकर्षक पंडाल का निर्माण करने जा रही है। लगभग 100 फीट लंबा, 60 फीट चौड़ा एवं 50 फीट ऊँचा यह पंडाल हस्तशिल्प और आधुनिक कला का सुंदर संगम प्रस्तुत करेगा। पंडाल पूर्णतः रूप से पर्यावरण अनुकूल रहेगी । पंडाल के निर्माण एवं सजावट में हुगला पत्ता,बाँस की खपच्चियाँ,जूट, प्राकृतिक रेशे,लोहे,थर्मोकोल,फाइबर,शीशे एवं अन्य प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है । हुगला पत्तों की बारीक कारीगरी को पंडाल में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। पंडाल निर्माण में बंगाल के कारीगर पिछले एक महीने से तैयारी में जुटे हैं । इस वर्ष माँ दुर्गा की प्रतिमा काफ़ी आकर्षक रहेगी जो 20 फीट चौड़ी एवं 15 फीट ऊँची होगी । माँ दुर्गा सहित सभी देवी-देवता कमल के आसन पर विराजमान होंगे। प्रतिमा का निर्माण झारखंड के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अजय पाल द्वारा किया जा रहा है। शहीद चौक से जैन मंदिर चौक तक इस वर्ष भी आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी । पंडाल परिसर में बच्चों के लिए झूला एवं खाने पीने की व्यवस्था भी रहेगी । समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने बताया की पूजा पंडाल का उद्घाटन चतुर्थी के दिन किया जाएगा। इस वर्ष पूजा में अनुमानित बजट लगभग 30 लाख रुपए है । पंडाल निर्माण पर 20 लाख, प्रतिमा पर 2.50 लाख,लाइट एंड साउंड पर 3 लाख,पूजन सामग्री एवं भोग वितरण पर पर 2 लाख तथा अन्य खर्च 2.50 लाख रुपये हैं । 2026 पूजा कमिटी इस प्रकार हैं :- मुख्य संरक्षक :- श्री सी.पी सिंह (माननीय विधायक, राँची) संरक्षक :- प्रमोद लोहिया, श्याम नारायण दयाल, शिव कु. गुप्ता, दिव्या सिंह, अध्यक्ष :- चंद्रभान खत्री, कार्यकारी अध्यक्ष :- अंकित गुप्ता, संयोजक :- दीपक कु.पंकज, अजय बथवाल, हेमंत पोद्दार, अशोक गुप्ता, उपाध्यक्ष :- अमित व्यास, रवींद्र सैनी, कोषाध्यक्ष :- अविनाश कुमार, महासचिव :- राजकुमार गुप्ता, सचिव :- प्रखर लोहिया, मंत्री :- मनोज बक्सरिया, गौतम वर्मा, पूजा प्रभारी :- आशीष घोष, वेद प्रकाश सिंह, कार्यकारिणी सदस्य :- रंजीत जयसवाल, भरत बथवाल, अमर मोदी, लक्ष्मण गुप्ता, सौरभ बथवाल, नवनीत गुप्ता, विक्रांत कुमार, आशीष कुमार, संदीप व्यास, प्रतीक गुप्ता, विकास पंकज, विक्रांत पाण्डेय, आदर्श आर्या, धीरज कुमार चौधरी, आदि ।

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! 25 सितंबर को ही मिलेगी सितंबर की सैलरी और पेंशन

News Pratyaksh | Updated : Thu 24th Sep 2026, 12:17 pm
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! 25 सितंबर को ही मिलेगी सितंबर की सैलरी और पेंशन नई दिल्ली। देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 की सैलरी, वेज और पेंशन का भुगतान तय समय से पहले 25 सितंबर, शुक्रवार को किए जाने का निर्देश दिया गया है। अब कर्मचारियों और पेंशनर्स को महीने के आखिरी कार्यदिवस तक इंतजार नहीं करना होगा। बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया फैसला सरकार ने यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया है। आधिकारिक संदेश के मुताबिक, हड़ताल के कारण बैंकिंग ट्रांजैक्शन और चेक क्लियरिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में सितंबर महीने के अंत में भुगतान संबंधी किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) और संबंधित बैंकों को 25 सितंबर को ही भुगतान क्लियर करने का निर्देश दिया गया है। चौथा शनिवार और रविवार भी रहेगा इस बार 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल की स्थिति में महीने के आखिरी दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों और पेंशनर्स के भुगतान को पहले ही निपटाने का फैसला किया गया है। इसके अलावा छमाही क्लोजिंग से जुड़े जरूरी वित्तीय भुगतानों को भी समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फैसले से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महीने के अंत में बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की स्थिति में भुगतान को लेकर होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिलेगी।

कतरास में भू-धंसान के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें; BCCL और DGMS के खिलाफ नारेबाजी

News Pratyaksh | Updated : Thu 24th Sep 2026, 12:16 pm
कतरास में भू-धंसान के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें; BCCL और DGMS के खिलाफ नारेबाजी धनबाद। कतरास में लगातार सामने आ रही भू-धंसान की समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़क पर दिखाई देने लगा है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के समर्थन में कतरास के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने BCCL और खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भू-धंसान की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। घर और कारोबार से हटाने की तैयारी का आरोप प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कतरास लंबे समय से भू-धंसान की समस्या से जूझ रहा है। जमीन में दरार और धंसान की घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों के बीच लगातार भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें उनके घर और कारोबार से हटाने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान किए बिना उन्हें विस्थापित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुआवजा और नियोजन की मांग प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उचित मुआवजा और नियोजन की व्यवस्था किए बिना किसी भी परिवार को हटाने की कोशिश का विरोध किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौजूद रहे।

झारखंड में आज भी बारिश का दौर जारी, दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

News Pratyaksh | Updated : Wed 23rd Sep 2026, 12:22 pm
झारखंड में आज भी बारिश का दौर जारी, दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी रांची। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को झारखंड के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार शाम तक डीप डिप्रेशन के कमजोर होकर अवदाब (Depression) में बदलने की संभावना है। गिरिडीह में सबसे ज्यादा 123.6 मिमी बारिश मौसम केंद्र, रांची के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान गिरिडीह के नंदाडीह में सबसे ज्यादा 123.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद धनबाद के पुटकी में 118.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं, रांची के कांके में 102.4 मिमी, सरायकेला के नीमडीह में 97.4 मिमी और धनबाद के तोंपचांची में 75.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। डाल्टनगंज सबसे गर्म, कांके सबसे ठंडा पिछले 24 घंटे के दौरान डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

अरगोड़ा में दिखेगा डिज्नीलैंड जैसा दुर्गा पूजा पंडाल, 50 फीट ऊंचा होगा भव्य पंडाल; 14 फीट की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र

News Pratyaksh | Updated : Tue 22nd Sep 2026, 12:23 pm
अरगोड़ा में दिखेगा डिज्नीलैंड जैसा दुर्गा पूजा पंडाल, 50 फीट ऊंचा होगा भव्य पंडाल; 14 फीट की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र रांची। राजधानी रांची के अरगोड़ा में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को डिज्नीलैंड के प्रारूप पर तैयार भव्य पूजा पंडाल देखने को मिलेगा। अरगोड़ा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से इस वर्ष करीब 50 फीट ऊंचा और 40 फीट चौड़ा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। पंडाल का बाहरी हिस्सा सफेद रंग का होगा, जबकि गुंबद को नीले रंग में सजाया जाएगा। पंडाल के विभिन्न हिस्सों में माता दुर्गा के झंडे लगाए जाएंगे। पंडाल के मध्य भाग में भोले बाबा की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं, पंडाल के अंदर महलनुमा आकृति श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी। 14 फीट ऊंची होगी माता रानी की प्रतिमा माता रानी के लिए पंडाल के अंदर एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। इसी मंच पर 14 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा निर्माण का जिम्मा मूर्तिकार जगदीश चंद्र पाल को दिया गया है, जबकि पंडाल निर्माण में बंगाल के कारीगर जुटे हुए हैं। 30 लाख रुपये तक होगा आयोजन पर खर्च समिति की ओर से वर्ष 1967 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पंडाल निर्माण से लेकर पूजा और अन्य आयोजन पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अरगोड़ा चौक से लेकर मंदिर परिसर तक आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा। पंचमी से दशमी तक छऊ नृत्य का आयोजन श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए पंचमी से विजयादशमी तक छऊ नृत्य का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम शाम 6 बजे से देर रात तक चलेगा। वहीं, महाष्टमी के दिन भोग वितरण किया जाएगा, जबकि महानवमी पर बुंदिया प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा। अरगोड़ा में इस बार भव्य पंडाल, आकर्षक विद्युत सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और माता रानी की विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहने वाली है। पदाधिकारियों के नाम मुख्य सरक्षक पंकज साहू, अध्यक्ष प्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, सचिव अजित साहू, राजेश साहू, वीरेंद्र साहू, भोला राम साहू, लख राज राम, कंचन साहू, पवन साहू धनु साहू, पंचानंद साहू, अवध साहू, मुनेश्वर साहू, रामस्वरूप साहू, रवि साहू, चंदन साहू, कार्तिक साहू, बबलू कश्यप, प्रिंस साहू, बृश साहू समेत अन्य सदस्य है
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories