झारखंड में कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से परेशान हैं. उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली का बिल अधिक आ रहा है :
News Pratyaksh | Updated : Wed 21st Jan 2026, 12:22 pm
झारखंड में कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से परेशान हैं. उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली का बिल अधिक आ रहा है :
प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है. राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न शहरों में लगाए गए इन मीटरों से बिजली बिल बढ़ने, अचानक बिजली कटने और रिचार्ज में दिक्कतों की शिकायतें तेज हो गई हैं. उपभोक्ता और विभाग दोनों परेशान हैं. जेबीवीएनएल ने शिकायतों के निपटारे के लिए थर्ड पार्टी टीम गठित की है, जो घर जाकर मीटर जांचती है, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या बनी हुई है.ईटीवी भारत की टीम ने मंगलवार को रांची के हरमू इलाके में जाकर स्थिति का जायजा लिया. बिल जमा करने पहुंचे 20 उपभोक्ताओं में से 17 ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर सवाल उठाए और बिल ज्यादा आने की शिकायत की. कई ने कहा कि अधिकारी उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं.एक उपभोक्ता मुजाहिदनगर के एमडी हसन ने बताया, "पहले मीटर से 600 रुपये बिल आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब 1500-2000 रुपये आ रहा है. मजबूरी है, क्योंकि चार्जेबल बैटरी रिक्शा चलाकर घर चलता है. लाइन कट गई तो क्या खाएंगे? इसलिए बिल भरने पहुंच गया."दूसरे उपभोक्ता संदीप एक्का ने कहा, "मैं हर महीने समय पर बिल देता हूं, फिर भी दो दिन में 27,000 रुपये का बिल आ गया. अधिकारी अधिकारी सुनते नहीं, मजबूरी में बिल भरने आया हूं."