Bihar


रोहतास में प्रेमिका की हत्या के दोषी सोनू को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया ₹30 हजार जुर्माना

News Pratyaksh | Updated : Wed 12th Aug 2026, 12:12 pm
रोहतास में प्रेमिका की हत्या के दोषी सोनू को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया ₹30 हजार जुर्माना सासाराम: रोहतास सिविल कोर्ट ने प्रेमिका की हत्या के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। एडीजी-4 कोर्ट ने हत्या के दोषी सोनू कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उस पर ₹30 हजार का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने यह फैसला अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों और 12 गवाहों के बयान के आधार पर सुनाया। कुंभ स्नान के बहाने निकला था प्रेमी मामला 10 फरवरी 2025 का है। झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र निवासी डिलीवरी बॉय सोनू कुमार का उसी गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए और जुलाई 2025 में शादी तय की गई थी। प्रयागराज जाने के रास्ते में हत्या बताया गया कि सोनू अपनी मंगेतर को कुंभ स्नान कराने के बहाने बाइक से गुमला से प्रयागराज लेकर निकला था। हालांकि, प्रयागराज पहुंचने से पहले ही रोहतास के सासाराम इलाके में उसने कथित तौर पर युवती की हत्या कर दी। सरसों के खेत में छिपाया था शव पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, धौदाढ़ थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में सोनू ने धारदार हथियार से युवती की हत्या की और शव को सरसों के खेत में छिपा दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल हथियार और युवती के कपड़ों को कैमूर के कुदरा इलाके में एक नदी में फेंक दिया गया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने सोनू कुमार को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद और ₹30 हजार जुर्माने की सजा सुनाई।

पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी नक्सली समेत 4 ने किया आत्मसमर्पण

News Pratyaksh | Updated : Tue 11th Aug 2026, 12:23 pm
पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी नक्सली समेत 4 ने किया आत्मसमर्पण चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कोल्हान, पोराहाट और सारंडा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चार सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस और CRPF के वरीय अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन का 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमेटी सदस्य सालुका कायम भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन नवजीवन-III के तहत हुई। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस भी सुरक्षाबलों को सौंपे। 10 लाख के इनामी सालुका कायम ने छोड़ा नक्सल का रास्ता आत्मसमर्पण करने वालों में सालुका कायम उर्फ भुवनेश्वर, मारू, विक्रम, डांगिल, तुबुई और जयराम का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक सालुका भाकपा (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, सालुका के खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम में 90 और सरायकेला जिले में 6 मामले, यानी कुल 96 मामले दर्ज हैं। आत्मसमर्पण के दौरान उसने एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन और 843 राउंड कारतूस समेत अन्य सामान सुरक्षा बलों को सौंपा। तीन अन्य नक्सलियों ने भी किया सरेंडर सालुका के साथ तीन अन्य सक्रिय सदस्यों ने भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। इनमें कोदोमुनी कोड़ा उर्फ कोदम मुन्नी कोड़ा उर्फ कितामाई, पिंकी पूर्ति उर्फ सुकांती पूर्ति उर्फ मेचो पूर्ति और अनिता तामसोय उर्फ अनिता कायम उर्फ मुक्ता उर्फ नूनी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, टोंटो थाना क्षेत्र के रेंगड़ाहातु निवासी कोदोमुनी कोड़ा संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था और उसके खिलाफ चाईबासा में सात मामले दर्ज बताए गए हैं। उसने एक वायरलेस सेट और 697 राउंड कारतूस सौंपे। पिंकी पूर्ति और अनिता तामसोय पर भी कई मामले पुलिस के अनुसार, पिंकी पूर्ति संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय थी। उसके खिलाफ चाईबासा में 13 मामले दर्ज हैं। आत्मसमर्पण के दौरान उसके पास से एक वायरलेस सेट और 639 राउंड कारतूस मिले। वहीं, अनिता तामसोय के खिलाफ चाईबासा में 12 और सरायकेला में एक, कुल 13 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसने एक इंसास राइफल, पांच मैगजीन और 97 राउंड कारतूस सहित अन्य सामग्री सुरक्षा बलों को सौंपे। सुरक्षाबलों के मुताबिक, चार नक्सलियों का आत्मसमर्पण कोल्हान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

खगड़िया में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने से 165 से ज्यादा लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

News Pratyaksh | Updated : Tue 11th Aug 2026, 12:22 pm
खगड़िया में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने से 165 से ज्यादा लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमनी पंचायत के हियादतपुर गांव में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 165 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण प्रभावित लोगों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। 250 से ज्यादा लोगों ने खाया था प्रसाद जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे मायाराम चौधरी के बेटे सुबोध चौधरी के घर सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। बताया जा रहा है कि 250 से ज्यादा लोगों ने प्रसाद खाया था। प्रसाद खाने के करीब आधे घंटे बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। खासकर बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आई, जबकि कई बड़े लोगों ने चक्कर, कमजोरी और बेचैनी की शिकायत की। अस्पताल में मरीजों की लगी कतार एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के बाद ग्रामीणों ने मानसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। देर रात तक अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। फिलहाल इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि प्रसाद खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है। ग्रामीण ने बताई पूरी घटना ग्रामीण महिला संजू देवी ने बताया, “पूजा होने के बाद प्रसाद दिया गया। बच्चों ने प्रसाद खाया। करीब आधे घंटे बाद बच्चों को उल्टी शुरू हो गई। उसके बाद जितने लोगों ने प्रसाद खाया था, सभी को एक-एक करके उल्टी होने लगी।” फिलहाल प्रभावित लोगों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है।

कैमूर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, गोबर की खाद के बीच बने गुप्त तहखाने से 4815 लीटर शराब बरामद

News Pratyaksh | Updated : Tue 11th Aug 2026, 12:21 pm
कैमूर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, गोबर की खाद के बीच बने गुप्त तहखाने से 4815 लीटर शराब बरामद कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार सुबह एक 14 चक्का ट्रक से करीब 4,815 लीटर शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है। गोबर की खाद के बीच बनाया था गुप्त तहखाना उत्पाद विभाग की टीम को यूपी की ओर से आ रहे पंजाब नंबर प्लेट वाले ट्रक पर संदेह हुआ। तलाशी के दौरान ट्रक में सड़े हुए गोबर जैसी खाद के बीच लोहे का एक गुप्त तहखाना मिला। अधिकारियों ने जब इस गुप्त कक्ष को खोला तो उसमें शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। इसके बाद टीम ने तहखाने से पूरी शराब बरामद कर ली। पंजाब से बिहार लाई जा रही थी शराब गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों से पता चला कि शराब की खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की पहचान छिपाने के लिए बोतलों पर दर्ज बैच नंबर भी मिटा दिए थे। गुप्त सूचना पर पकड़ा गया ट्रक उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। तलाशी में लोहे के गुप्त तहखाने से 4,815 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 70-75 लाख रुपये आंकी गई है। उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है

मोतिहारी में दर्दनाक हादसा! पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Aug 2026, 12:46 pm
मोतिहारी में दर्दनाक हादसा! पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस महिला और उसके चार बच्चों के शव बरामद, पारिवारिक विवाद और हादसे दोनों पहलुओं पर जांच जारी। मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मृतक महिला की पहचान बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना को लेकर फिलहाल अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी, जहां किसी कारणवश सभी पोखर में डूब गए। गोविंदगंज थाना प्रभारी सचितानंद पांडे ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल! युवक की मौत पर उग्र भीड़ ने कई गाड़ियां फूंकी, हाईवे जाम

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Aug 2026, 12:45 pm
पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल! युवक की मौत पर उग्र भीड़ ने कई गाड़ियां फूंकी, हाईवे जाम तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत, गुस्साई भीड़ ने पुलिस की तीन गाड़ियों समेत कई वाहनों में लगाई आग। पटना: बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। एनएच-30 पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते इलाके में भारी हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। उग्र प्रदर्शन के बीच पुलिस की तीन गाड़ियां भी आग के हवाले कर दी गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के कारण एनएच-30 पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगजनी व उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।