कोलकाता गोदाम हादसे में मौत का आंकड़ा 16 पहुंचा, कई मजदूर अब भी अस्पताल में भर्ती
News Pratyaksh | Updated : Sat 27th Jun 2026, 11:56 am
कोलकाता गोदाम हादसे में मौत का आंकड़ा 16 पहुंचा, कई मजदूर अब भी अस्पताल में भर्ती
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढहने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। यह दर्दनाक हादसा 25 जून को ब्रेस ब्रिज के पास हुआ था, जब निर्माणाधीन बहुमंजिला गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर गया और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कुल 33 मजदूर प्रभावित हुए। इनमें 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 घायल हुए हैं। घायलों में से चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का इलाज अभी भी जारी है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माणाधीन ढांचे के गिरने की वजह क्या थी और कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है।
मृतकों में राहुल चौधरी, कृष्णा चौधरी, चंद्रमा चौधरी, रोहित चौधरी, पप्पू कुमार रजक, घी कुमार, असगर हुसैन, साहिल सरदार, हुसन ईमान, गणेश कालिंदी, नवीन सिंह, मन्नू कुमार, खालिक सरदार, स्वपन मंडल समेत दो अज्ञात मजदूर शामिल हैं।