News Pratyaksh


दिउड़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण को लेकर फिर विवाद :

News Pratyaksh | Updated : Wed 16th Jul 2025, 04:57 pm

दिउड़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण को लेकर फिर विवाद :
तमाड़ स्थित प्राचीन सोलहभुजी मां दिउड़ी मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया. पर्यटन विभाग की ओर से 8 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने इस परियोजना का विरोध करते हुए काम रुकवा दिया. प्रशासन ने सख्ती दिखाने की कोशिश की तो ग्रामीण उलझ पड़े. एक शख्स को हिरासत में लेने पर महिलाओं ने प्रशासन की गाड़ी को घेर लिया.ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर संवेदक द्वारा शुरू कराए गए निर्माण कार्य का विरोध किया. उनका कहना है कि वर्षों से वे मंदिर परिसर के पास दुकानदार के रूप में अपना रोजगार चला रहे हैं, लेकिन सौंदर्यीकरण कार्य के चलते उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं. ग्रामीणों को डर है कि काम पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा दुकानें नहीं मिलेंगी. इसको लेकर कोई स्पष्टता नहीं है. इसी आशंका को लेकर विरोध लगातार जारी है.विरोध की सूचना पर बुंडू के एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा, एसडीपीओ ओम प्रकाश समेत तमाड़ थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश की. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पूर्णचंद सिंह मुंडा को एहतियातन हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में आपसी सहमति बनने पर उन्हें छोड़ दिया गया.एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि “दिउड़ी मंदिर झारखंड का एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं. यहां की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए सरकार ने सौंदर्यीकरण कार्य स्वीकृत किया है. स्थानीय दुकानदारों की आशंकाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. प्राथमिकता उन्हीं दुकानदारों को दी जाएगी, जो पहले से वहां व्यवसाय कर रहे हैं. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ और सौंदर्यीकरण कार्य दोबारा शुरू कराया गया. फिलहाल प्रशासन की निगरानी में कार्य जारी है और मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है.घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप से माहौल शांत है. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मंदिर परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है.