News Pratyaksh


लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने छोटे भाई तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटी :

News Pratyaksh | Updated : Thu 11th Sep 2025, 07:50 am
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने छोटे भाई तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटी :
आरजेडी और लालू परिवार से दूर रह रहे तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक और पोस्ट शेयर किया है. इसमें वे बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री पहुंचाते नजर आ रहे हैं. वीडियो शेयर करते हुए तेज प्रताप ने लिखा है, राघोपुर विधानसभा क्षेत्र बाढ़ से पूर्ण तरीके से प्रभावित है, आमजनमानस का जीवन बेहद ही खराब स्थिति में है. जिसे लेकर मैंने खुद मोर्चा संभालते हुए अपने टीम तेज प्रताप यादव के साथियों संग राघोपुर राहत सामग्री लेकर पहुंचा.इससे पहले भी तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों की मदद करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था. इस पोस्ट के जरिए उन्होंने वर्तमान सरकार और तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए लिखा कि वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा अंतर्गत विदुपुर ब्लॉक के विभिन्न पंचायत पूरे तरीके से बाढ़ से प्रभावित हो चुका है.
तेजस्वी यादव के क्षेत्र में तेज प्रताप यादव के पहुंचने से सियासी चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है. तेज प्रताप यादव समस्तीपुर के हसनपुर से विधायक हैं, लेकिन इस बार उन्होंने महुआ से चुनाव लड़ने की बात कही है. वहीं वैशाली के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से 2020 में तेजस्वी यादव ने जीत दर्ज की थी. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से चिराग पासवान ने 2024 में हाजीपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी. तेज प्रताप यादव बाढ़ पीड़ितों के बीच नाव पर सवार होकर राहत सामग्री का वितरण करते नजर आए. इस दौरान सामग्री लेने के लिए लोगों की भीड़ लग गई और तेज प्रताप की नाव के आस-पास सभी लोग इकट्ठा हो गए. तब तेज प्रताप ने लोगों से आग्रह किया कि आराम से सामान लिजिए. वर्तमान सरकार आपकी मदद नहीं कर रही है और हम मदद करने आए हैं तो आप मदद करने नहीं दे रहे हैं.