News Pratyaksh


छठ पर्व के तुरंत बाद बिहार विधानसभा चुनाव कराने की राजनीतिक दलों की मांग के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार के लिए ‘संभवत:’ छह नवंबर सबसे निकट की तिथि है जिस पर चुनाव संभव था।

News Pratyaksh | Updated : Tue 07th Oct 2025, 11:15 am

छठ पर्व के तुरंत बाद बिहार विधानसभा चुनाव कराने की राजनीतिक दलों की मांग के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार के लिए ‘संभवत:’ छह नवंबर सबसे निकट की तिथि है जिस पर चुनाव संभव था। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शनिवार को पटना में निर्वाचन आयोग के साथ बातचीत के दौरान पार्टियों ने मतदाताओं की ज़्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए छठ के तुरंत बाद चुनाव कराने की मांग की थी। बिहार से लौटने के तुरंत बाद आयोग ने चुनावों की तारीख की घोषणा कर दी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अधिसूचना, नामांकन की अवधि और प्रचार के समय को ध्यान में रखते हुए, 'शायद इससे पहले चुनाव कराना संभव नहीं था।' बिहार में छह और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और 14 नवंबर को मतगणना होगी। चुनावी राज्य बिहार के राजनीतिक दलों ने शनिवार को आयोग से कहा कि मतदाताओं की ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए छठ पर्व के 'तुरंत बाद' विधानसभा चुनाव कराए जाएं। बिहार में दिवाली के छह दिन बाद मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण त्योहार छठ इस वर्ष 25-28 अक्टूबर को मनाया जाएगा। राज्य से बाहर काम करने वाले लोग दिवाली और छठ पर्व पर घर आते हैं और अगर उस दौरान चुनाव होते हैं तो मतदान में अधिक संख्या में लोग भाग ले सकते हैं।