News Pratyaksh


पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर बलात्कार मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. इसमें सबसे ताजा मामला पीड़िता के दोस्त का है

News Pratyaksh | Updated : Wed 15th Oct 2025, 11:36 am
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर बलात्कार मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. इसमें सबसे ताजा मामला पीड़िता के दोस्त का है. आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी द्वारा मंगलवार देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के तुरंत बाद पीड़िता के बैचमेट वासिफ अली को गिरफ्तार कर लिया गया. दुर्गापुर बलात्कार मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी पर मेडिकल छात्रा के साथ जघन्य अपराध करने का आरोप है.प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौधरी ने कहा, 'रेप मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए पाँच लोगों में से एक ने उसके साथ रेप किया.' हालाँकि, उन्होंने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया कि अपराधी कौन है. आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त ने कहा, 'घटना वाले दिन सभी पाँचों आरोपियों, छात्रा और उसकी सहपाठी के कपड़े फोरेंसिक जाँच के लिए भेजे गए हैं. इसके अलावा, कई अन्य जाँच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है.हम छात्रा के सहपाठी को भी संदेह के दायरे से बाहर नहीं छोड़ रहे हैं.' इस बैठक के एक घंटे के भीतर ही पुलिस ने पीड़िता के सहपाठी को गिरफ्तार कर लिया. दुर्गापुर रेप की घटना के चार दिन बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मेडिकल छात्रा के साथ केवल एक व्यक्ति ने ही रेप किया था. हालाँकि, पुलिस घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जाँच कर रही है.दुर्गापुर के शोभापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा के साथ बलात्कार की शिकायत मिलने के बाद आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के न्यू टाउनशिप थाने और दुर्गापुर थाने की पुलिस हरकत में आई और तुरंत जाँच शुरू कर दी. पुलिस ने निजी मेडिकल कॉलेज से सटे बिजरा इलाके से पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया. अपू बाउरी, शेख फिरदौस, शेख रियाज़ुद्दीन, शेख नसीरुद्दीन और शेख शफीकुल। दुर्गापुर उपजिला न्यायालय ने सभी आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
पुलिस ने मंगलवार को दुर्गापुर बलात्कार मामले में पीड़िता का गोपनीय बयान दर्ज किया. दोपहर में पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए आरोपियों के साथ परनगंज जंगल गई. उसी शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी ने कहा, 'पीड़िता के सहपाठी की भूमिका भी संदेह से परे नहीं है.' पीड़िता के सहपाठी से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में उसकी वास्तविक भूमिका क्या थी.