बिहार विधानसभा चुनाव में उतरे सासाराम से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साहु को नामंकन के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया है
News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:39 am
बिहार विधानसभा चुनाव में उतरे सासाराम से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साहु को नामंकन के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. इन्हें गढ़वा पुलिस ने सासाराम पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है.दरअसल, गढ़वा पुलिस को 21 वर्ष पुराने डकैती के मामले में सत्येंद्र साहु की तलाश थी. इनकी गिरफ्तारी सासाराम अनुमंडल कार्यालय परिसर से उस समय की गयी जब ये पूरे दलबल के साथ नामांकन करने पहुंचे थे. झारखंड पुलिस को उनके नामांकन की सूचना पहले से ही थी. इसलिए सत्येंद्र साहु जैसे ही अपनी नामांकन प्रक्रिया पूरी करके बाहर निकले उन्हें पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया.गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि सत्येंद्र साहु के खिलाफ 2004 में गढ़वा में एफआईआर दर्ज हुआ था. सत्येंद्र साहु कांड संख्या 320/2004 के आरोपी हैं. यह मुकदमा डकैती से जुड़ा हुआ है. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में वारंट पहले से जारी था उन्हें गिरफ्तार किया गया है और गढ़वा लाया गया है.सत्येंद्र साहु की गिरफ्तारी से थोड़ी देर तक अनुमंडल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा मगर सासाराम पुलिस ने मामले को संभाल लिया. गिरफ्तारी के बाद सत्येंद्र साह को झारखंड पुलिस गढ़वा लेकर पहुंची है. जहा उन्हें मंगलवार को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.