News Pratyaksh


राजधानी रांची में दीपावली की रात एक पूर्व अपराधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:40 am
राजधानी रांची में दीपावली की रात एक पूर्व अपराधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र की है. मामले की जानकारी मिलने के बाद बेड़ो थाना पुलिस, हत्याकांड में शामिल अपराधी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है.जानकारी के मुताबिक, रांची के बेड़ो स्थित मुड़ामु गांव में खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है. गांव में पूर्व अपराधी सोमा उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात को दीपावली की रात लगभग 1:30 पर अंजाम दिया गया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव के अखाड़ा में दीपावली को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. उसी दौरान सोमा उरांव का एक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. काफी देर तक दोनों में कहासुनी होती रही. इसी क्रम में कुछ देर बाद सोमा उरांव को गोली मार दी गई. गोली लगने की वजह से सोमा की मौत हो गई. गांव के अखाड़ा में गोली चलने की वजह से अफरातफरी मच गई. इस दौरान ग्रामीण वहां से भाग खड़े हुए, इसी बात का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने वाला मौके से फरार हो गया.ग्रामीणों ने बताया कि सोमा आपराधिक प्रवृत्ति का इंसान था. उस पर कई तरह के आपराधिक मामले दर्ज थे. वह हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका था.
हाल के दिनों में वह गांव में ही निवास कर रहा था. हालांकि पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है. हत्यारे की पहचान हो चुकी है, उसके ठिकानों पर पुलिस के द्वारा रेड की जा रही है.