आईआरसीटीसी लैंड फॉर जॉब मामले में राजद सुप्रीमो और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी,
News Pratyaksh | Updated : Tue 14th Oct 2025, 11:39 am
आईआरसीटीसी लैंड फॉर जॉब मामले में राजद सुप्रीमो और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर चार्ज फ्रेम करने के मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गयी है. इंडिया ब्लॉक के झारखंड में मुख्य घटक दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने लालू फैमिली पर हुए आरोप गठन की टाइमिंग पर सवाल खड़ा किया है.झामुमो केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि विपक्ष का ये सवाल जायज है कि यह जो टाइमिंग है यह जान बूझकर चुना गया है ताकि महागठबंधन को बिहार में ठीक चुनाव के समय परेशान किया जा सके. उन्होंने कहा कि हम कोर्ट पर कोई सवाल नहीं उठा रहे हैं लेकिन कोर्ट में जो समय तय किया गया है, यह समय राजनीति से प्रेरित लगता है. सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि देश के संवैधानिक संस्थाओं का आज क्या हाल है यह किसी से छुपा हुआ नहीं है. बीजेपी के दबाव में राजनीतिक संस्थाएं काम कर रही हैं.
सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि झामुमो की निर्वाचन आयोग से मांग है कि बिहार में चुनाव के दौरान इस केस से संबंधित कोई भी बयान या टिप्पणी भाजपा या विरोधियों के द्वारा नहीं किया जाए और न ही उसकी कोई रिपोर्टिंग हो. सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि झारखंड में हमारे नेता को बेवजह जेल भेज दिया गया था तो उसका नतीजा भाजपा को मिल गया, वही हाल बिहार चुनाव में भी होने वाला है.कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को टारगेट करना कोई नई बात तो नहीं है. जिन लोगों को गृह मंत्री अमित शाह पानी पी-पी कर कोसते थे. वे सारे भ्रष्टाचारी आज भाजपा में जाकर पाक साफ हो गए हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि चार्जशीट हो जाने से कोई दोषी नहीं हो जाता, हम अदालती लड़ाई लड़ेंगे.