News Pratyaksh


समस्तीपुर में भड़का बवाल:

News Pratyaksh | Updated : Tue 04th Nov 2025, 11:24 am
समस्तीपुर में भड़का बवाल:
बिहार विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर आए एक सब-इंस्पेक्टर की हरकत से सोमवार की देर शाम पूरा इलाका तनावग्रस्त हो गया. मामला समस्तीपुर जिले के उजियारपुर विधानसभा के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर स्थित पीटीसी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज का है. आरोप है कि विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर आए एक सब-इंस्पेक्टर ने शराब के नशे में एक युवक को बेरहमी से पीटकर छात्रावास की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया.घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए. सैकड़ों की भीड़ कॉलेज पहुंची, मुख्य द्वार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी एसआई की गिरफ्तारी की मांग की. ग्रामीणों के अनुसार वार्ड संख्या 21 निवासी मनीष कुमार (27), पिता चीना दास, मजदूरी कर परिवार चलाता है और चार बच्चों का पिता है. सोमवार शाम कॉलेज चौक के पास किसी बात को लेकर एसआई से उसकी कहासुनी हो गई.बताया गया कि एसआई नशे की हालत में था. पहले उसने चौक पर मनीष की पिटाई की और फिर जबरन कॉलेज परिसर के छात्रावास में ले गया. आरोप है कि छात्रावास के कमरे में मनीष को लाठी और पिस्टल के बट से बेरहमी से पीटा गया. इसी बीच पिस्टल से वार कर उसका दांत तोड़ दिया गया और फिर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया. मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.