चंदन मिश्रा का मर्डर केस में पुलिस ने जुटा लिए सबूत :
News Pratyaksh | Updated : Tue 25th Nov 2025, 12:22 pm
चंदन मिश्रा का मर्डर केस में पुलिस ने जुटा लिए सबूत :
बिहार की राजधानी पटना के चर्चित पारस अस्पताल गोलीकांड में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. दिनदहाड़े अस्पताल के अंदर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने के इस मामले में अब स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा. पुलिस की ओर से जुटाए गए पुख्ता सबूतों और गृह मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद पटना एसीजेएम कोर्ट ने पांच प्रमुख आरोपितों के केस अभिलेख प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेज दिए हैं, ताकि तेजी से सुनवाई हो सके.बता दें कि यह हत्याकांड बीते 17 जुलाई को हुआ था जब चंदन मिश्रा अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ हमलावर अस्पताल के भीतर घुस आए और उन्हें नजदीक से गोली मार दी. घटना के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया था.पटना पुलिस ने इस कांड में शुरुआती चरण से ही तकनीकी और वैज्ञानिक जांच पर जोर दिया. लोक अभियोजक राजेश कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं जिनके आधार पर पांच आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया. इन आरोपितों में फुलवारीशरीफ में रहने वाला भागलपुर निवासी तौसीफ राजा उर्फ बादशाह, बक्सर निवासी विजयकांत पांडेय उर्फ धन्नु उर्फ रुद्र पांडेय, राजाबाजार का सदमान हसन खान उर्फ निशु खान, दीघा निवासी हर्ष कुमार और भीम कुमार शामिल हैं. पुलिस ने इन सभी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है और इस पर कोर्ट ने संज्ञान ले लिया है.