News Pratyaksh


झारखंड में क्रिसमस और नववर्ष की तैयारी जोर शोर से चल रही है.

News Pratyaksh | Updated : Tue 23rd Dec 2025, 12:00 pm

झारखंड में क्रिसमस और नववर्ष की तैयारी जोर शोर से चल रही है. बाजार गुलजार हैं. लेकिन शीतलहर और कोहरे ने जीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है. घर से बुजुर्गों और बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है. स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. अस्पतालों से ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ गई है. मौसम केंद्र, रांची ने झारखंडवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है. दिन में भी सिहरन हो रही है. राज्य के ज्यादातर इलाकों में शीतलहर चल रही है.मौसम केंद्र, रांची की ओर से 23 दिसंबर की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा ठंड लोहरदगा में रिकॉर्ड हुआ है. यहां का न्यूनतम पारा 5.4 डिग्री रहा है. वहीं रांची में 9.5 डिग्री, डाल्टनगंज में 7.5 डिग्री, बोकारो में 9.5 डिग्री, कोडरमा में 9.7 डिग्री, गुमला में 8.5 डिग्री, हजारीबाग में 6.9 डिग्री, खूंटी में 8.0 डिग्री, लातेहार में 9.1 डिग्री और पश्चिमी सिंहभूम में 9.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा है.राज्य के आठ जिलों के लिए शीतलहर और कोहरा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिला शामिल हैं. इसके अलावा 12 जिलों में धुंध और घना कोहरा को लेकर येलो अलर्ट जारी हुई है. इनमें रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा जिला शामिल हैं.मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 26 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है. इस दौरान सुबह के वक्त धुंध और कोहरा देखने को मिलेगा. बाद में आसमान साफ रहेगा. राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में शीतलहर चल रही है. हालांकि 22 दिसंबर की तुलना में अधिकतम तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है. फिर भी रांची समेत 13 जिले ऐसे हैं, जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे है. घना कोहरा की वजह से 23 दिसंबर को रांची की विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड हुई है. जबकि डाल्टनगंज में 300 मीटर और देवघर में 400 मीटर रही है.