बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत रीखई टोला गांव के पास पुलिस और थावे मंदिर चोरी मामले के दूसरे अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हुई
News Pratyaksh | Updated : Sat 27th Dec 2025, 11:30 am
बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत रीखई टोला गांव के पास पुलिस और थावे मंदिर चोरी मामले के दूसरे अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.जख्मी आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के गोविंदगंज वार्ड नंबर 12 निवासी अनवर अंसारी के 21 वर्षीय बेटे इजमामुल आलम के रूप में हुई है. वह भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के रानी सागर गांव में रहता था.17 दिसंबर को थावे भवानी मंदिर से करीब 1.08 करोड़ रुपये कीमत के बहुमूल्य मुकुट की चोरी हुई थी. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी से चोरी हुए मुकुट का कुछ हिस्सा बरामद किया. यह हिस्सा आरोपी द्वारा मंदिर से लगभग 1500 मीटर दूर छिपाए गए स्थान से दुबारा लेने आया था.
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की. इस गोलीबारी में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया. घटनास्थल पर एसपी खुद पहुंचे और पुलिस टीम से पूरी जानकारी ली. उन्होंने जख्मी आरोपी से पूछताछ भी की.