News Pratyaksh


झारखंड में शुरू होने वाले मतदाता गहन विशेष पुनरीक्षण खास होने वाला है

News Pratyaksh | Updated : Sat 27th Dec 2025, 11:34 am
झारखंड में शुरू होने वाले मतदाता गहन विशेष पुनरीक्षण खास होने वाला है. अब तक 12 लाख मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से हटाने की तैयारी की जा चुकी है. सबकुछ ठीक रहा तो फरवरी महीने से राज्य में एसआईआर के दूसरे चरण की शुरुआत होगी.मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने एसआईआर को लेकर सभी जिलों को पत्र लिखा है. उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी ताजा निर्देश के अनुसार सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है. उन्होंने राज्य में चल रहे मतदान केंद्रों के युक्तिकरण कार्य पर संतोष जाहिर करते हुए कहा है कि इसके लिए मतदान केंद्र एवं इसके क्षेत्र का जियो फेसिंग भी कराया जा रहा है.इस क्रम में कई ऐसे नए मकान अथवा वैसे मकान जिनका कोई मकान संख्या नहीं है उनके लिए नोशनल नंबर जारी किए जाएंगे. जिससे संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ को अपने मतदाताओं तक पहुंचने में आसानी हो सके.इन सबके बीच पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में हो रहे एसआईआर के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर वोटर आईकार्ड मिलने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड सहित अन्य राज्यों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किया है. भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सभी संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नए निर्देश जारी करते हुए गड़बड़ी करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. आयोग का मानना है कि मतदाता सूची को हर हाल में पूरी तरह से सही और भरोसेमंद बनाना है.