News Pratyaksh


लाल निशान पर खुले Sensex-Nifty, बैंकिंग, रियल्टी और मीडिया में ज्यादा गिरावट :

News Pratyaksh | Updated : Tue 30th Dec 2025, 10:47 am
लाल निशान पर खुले Sensex-Nifty, बैंकिंग, रियल्टी और मीडिया में ज्यादा गिरावट :
भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक मंगलवार को शुरुआती कारोबार में लाल निशान में रहे. कमजोर वैश्विक संकेतों, वॉल स्ट्रीट पर टेक शेयरों में बिकवाली और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की लगातार निकासी के चलते बाजार पर दबाव देखने को मिला.सुबह करीब 9.30 बजे, बीएसई सेंसेक्स 115 अंकों या 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,579 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 30 अंक या 0.12 प्रतिशत फिसलकर 25,911 पर आ गया. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी हल्की कमजोरी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप 100 में 0.03 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.08 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.सेक्टरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी पीएसयू बैंक सबसे कमजोर रहा, जिसमें 0.18 प्रतिशत की गिरावट आई. इसके बाद निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 0.13 प्रतिशत टूट गया. अन्य सेक्टरों में भी सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला.विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 25,850–25,900 के दायरे में है, जबकि 26,150–26,200 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस के रूप में देखा जा रहा है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि साल के अंत में दिख रही कमजोरी किसी बड़े ट्रेंड बदलाव का संकेत नहीं देती. हालांकि, एडवांस-डिक्लाइन रेशियो गिरावट के पक्ष में रहा, जिसके कारण कम वॉल्यूम के बावजूद निफ्टी में सोमवार को करीब 100 अंकों की गिरावट आई.