#newspratyaksh #Bihar
बिहार के जमुई जिले में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि थाना के बेहद पास भी वे बड़ी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं।
News Pratyaksh | Updated : Sat 10th Jan 2026, 11:30 am
बिहार के जमुई जिले में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि थाना के बेहद पास भी वे बड़ी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। शुक्रवार रात मलयपुर थाना से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग के लोहा पुल के पास करीब 50 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज घटना हुई।जानकारी के अनुसार, सात हथियारबंद और नकाबपोश बदमाशों ने थोक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया। घायल व्यवसायी की पहचान जमुई शहर के पुरानी बाजार निवासी 35 वर्षीय विक्रम उर्फ विक्की सोनी के रूप में हुई है। विक्रम सोनी ने बताया कि वह थोक स्तर पर सोना-चांदी का कारोबार करते हैं।विक्रम सोनी शुक्रवार रात बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें कोलकाता जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी। जैसे ही उनकी बाइक जमुई–मलयपुर मुख्य मार्ग पर आंजन नदी के लोहा पुल के पास पहुंची, तभी दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद बदमाश और एक अपराधी ऑटो से वहां आ गए। बदमाशों ने चारों तरफ से घेरकर हथियार के बल पर उनके पास मौजूद नकदी लूटनी शुरू कर दी।जब व्यवसायी ने लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके सिर पर हथियार के बट से जोरदार वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी धमकी देते हुए क्यूल की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विश्वजीत दयाल, मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सौरभ सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल व्यवसायी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद एसपी स्वयं अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से घटना की पूरी जानकारी ली।