बिहार के मोतिहारी में आज विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग आज स्थापित होने जा रहा है. विराट रामायण मंदिर में शिवलिंग स्थापना का कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे. पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में विराट रामायण मंदिर बन रहा है. इसी मंदिर के परिसर में इस शिवलिंग की स्थापना होनी है. भारी भरकम शिवलिंग को उठाने के लिए दो बड़े-बड़े क्रेन मंगवाए गए हैं.
शिवलिंग की स्थापना के लिए 700 टन और 500 टन क्षमता वाली दो बड़ी क्रेन पहले ही स्थल पर पहुंच चुकी हैं. शुक्रवार को इसको लेकर विशेष मॉक ड्रिल भी की गई थी. जानकारी के मुताबिक, शिवलिंग की स्थापना में लगभग दो घंटे का समय लगेगा. इस दौरान मंदिर निर्माण के पूर्ण होने के बाद की थ्री-डी इमेज भी श्रद्धालुओं को दिखाई जाएगी. साथ ही एलईडी स्क्रीन पर सहस्त्रालिंगम शिवलिंग की स्थापना का लाइव प्रसारण किया जाएगा.विशाल शिवलिंग को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में बनाया गया है. वहां से पैंतालीस दिन की यात्रा करके शिलिंग चंपारण के केसरिया में बन रहे विराट रामायण मंदिर पहुंच चुका है. जिसकी स्थापना की भव्य तैयारी की गई है. साथ ही शिवलिंग पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी. पांच नदियों के जल से शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा. शिवलिंग में 1008 छोटे-छोटे शिवलिंग हैं, जिस कारण इसे सहस्त्र लिंगम की संज्ञा दी गई है. ब्लैक ग्रेनाइट पत्थर से बना यह शिवलिंग तमिलनाडु से 45 दिन की अवधि में बिहार पहुंचा है जो अत्यंत ही विशाल है और 33 फीट लंबा है. इस शिवलिंग का वजन 210 टन है.