बिहार सरकार का दावा है कि प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. इस बीच, राज्य में गैस सिलेंडर की कृत्रिम किल्लत दिखाकर कई स्थानों पर कुछ जमाखोर इसका फायदा उठाने की फिराक में लगे हैं. इसके मद्देनजर पुलिस महकमे के स्तर से सभी जिलों में व्यापक अभिय
News Pratyaksh | Updated : Thu 19th Mar 2026, 12:22 pm
बिहार सरकार का दावा है कि प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. इस बीच, राज्य में गैस सिलेंडर की कृत्रिम किल्लत दिखाकर कई स्थानों पर कुछ जमाखोर इसका फायदा उठाने की फिराक में लगे हैं. इसके मद्देनजर पुलिस महकमे के स्तर से सभी जिलों में व्यापक अभियान चलाकर ऐसे जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई की गई.हाल ही में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों को जांच के समुचित आदेश दिए थे. इसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों में LPG के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई है. जांच और छापेमारी में बड़ी संख्या में एलपीजी के अवैध भंडारण का खुलासा हुआ.
विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान एलपीजी के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान 14 प्राथमिकी दर्ज करते हुए 419 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. इस दौरान कालाबाजारी में शामिल 21 व्यक्तियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.