News Pratyaksh


पूर्णिया में सूरज बिहारी की दिनदहाड़े हत्या के 10 दिन बाद पिता जवाहर यादव की भी मौत हो गई है :

News Pratyaksh | Updated : Fri 06th Feb 2026, 01:00 pm
पूर्णिया में सूरज बिहारी की दिनदहाड़े हत्या के 10 दिन बाद पिता जवाहर यादव की भी मौत हो गई है :
बिहार के पूर्णिया जिले के प्रसिद्ध व्यवसायी जवाहर यादव का शुक्रवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. यह घटना उनके बड़े बेटे सूरज बिहारी की हत्या के महज 10 दिनों बाद हुई है. सूरज बिहारी की असमय मौत का गहरा सदमा झेल नहीं पाने के कारण जवाहर यादव गंभीर मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चले गए थे.दो दिन पहले ही वे ऋषिकेश जाकर जवाहर यादव अपने बेटे की अस्थियों का गंगा में विधि-विधान से विसर्जन कर लौटे थे. हालांकि घर पहुंचते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ली. अब परिवार में पिता-पुत्र दोनों का श्राद्धकर्म एक साथ संपन्न होगा, जिससे गुलाब बाग क्षेत्र सहित पूरे पूर्णिया में शोक की लहर दौड़ गई है.27 जनवरी 2026 को पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक के पास फंड वर्ल्ड पार्क के निकट दिनदहाड़े सूरज बिहारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. सूरज बिहारी, जो शहर के सबसे बड़े मक्का गोदामों के मालिक थे और सोशल मीडिया पर फेमस ब्लॉगर भी, एक छोटे विवाद को सुलझाने पहुंचे थे.इस घटना ने पूर्णिया के गुलाब बाग व्यवसायी वर्ग को झकझोर दिया है. स्थानीय व्यवसायी संघ और ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज कर दी है. कई लोगों का कहना है कि जवान बेटे की मौत का गम कोई पिता बर्दाश्त नहीं कर पाता, और यही हुआ जवाहर यादव के साथ. पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है, जहां लोग परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं.