News Pratyaksh


एक पत्थर के चिप्स बनाने वाली फैक्ट्री में बिजली की चपेट में आने से 5 मजदूरों की मौत हो गई

News Pratyaksh | Updated : Mon 02nd Mar 2026, 11:42 am
एक पत्थर के चिप्स बनाने वाली फैक्ट्री में बिजली की चपेट में आने से 5 मजदूरों की मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनहाटा थाना क्षेत्र के गरकुरा में हुई. इस हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रुप से झुलस गये. दिनहाटा सब-डिवीजन अस्पताल में इलाजरत हैं. जैसे ही खबर फैली, मजदूरों के परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल था.
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिनहाटा ग्राम पंचायत नंबर 2 के गरकुरा इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में छत की वेल्डिंग का काम चल रहा था. काम खत्म होने के बाद 5 मजदूर वेल्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्टर मशीन को हटा रहे थे. उस मशीन में लोहे की एक छड़ लगी थी, जिसे मजदूर नीचे करना भूल गए. बाद में, वह लोहे की छड़ फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की तार से टकरा गई. उस समय मशीन को पकड़े हुए मजदूर बिजली की चपेट में आ गए.यह हादसा इतना भयानक था कि घटना के कुछ देर बाद तक मजदूरों के शरीर से धुआं निकलने लगा था. 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में 3 अन्य मजदूर भी झुलस कर घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई.