परिजनों का आरोप- युवक को चढ़ाई गई एक्सपायरी स्लाइन, इलाज के लिए मांगे गए पैसे
News Pratyaksh | Updated : Sat 20th Jun 2026, 12:29 pm
परिजनों का आरोप- युवक को चढ़ाई गई एक्सपायरी स्लाइन, इलाज के लिए मांगे गए पैसे : झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस बार देवघर सदर अस्पताल से सामने आया मामला सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. सड़क हादसे में घायल एक युवक को कथित तौर पर एक्सपायरी स्लाइन चढ़ाने और इलाज के लिए पैसे मांगने का आरोप लगा है.मिली जानकारी के अनुसार, देवघर के बैजनाथपुर निवासी कृष कुमार शुक्रवार को अपने एक दोस्त के साथ बाइक से बिलासी चौक की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
जहां घायल युवक की मां टुम्पा देवी ने अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में बेटे को भर्ती कराने के बाद प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग करने के लिए उनसे पैसे मांगी गई. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बताया कि वह जल्दबाजी में बिना पैसे लिए ही घर से निकल पड़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद इलाज शुरू नहीं किया गया. टुम्पा देवी का आरोप है कि बेटे की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें मजबूरी में अपना मोबाइल फोन गिरवी रखना पड़ा, जिसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने इलाज शुरू किया.इतना ही नहीं परिजनों का यह भी आरोप है कि इलाज के दौरान कृष कुमार को जो स्लाइन चढ़ाई गई, वह एक्सपायर हो चुका था. परिजनों के अनुसार स्लाइन का बैच नंबर 1B240928 था, जिसका निर्माण फरवरी 2024 में हुआ था और इसकी एक्सपायरी डेट जनवरी 2026 थी. इसके बावजूद 19 जून 2026 को वही स्लाइन मरीज को चढ़ा दी गई.