News Pratyaksh


गैस कनेक्शन बंद होने का फर्जी मैसेज :

News Pratyaksh | Updated : Fri 26th Jun 2026, 11:53 am
गैस कनेक्शन बंद होने का फर्जी मैसेज : दिल्ली में गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खाली करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है. फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने वाले इस गैंग के चार सदस्यों को झारखंड और पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोना-चांदी, नकदी और एक लग्जरी कार भी बरामद हुई है.
मामला दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाने में दर्ज हुआ था. पीड़िता को एक मैसेज मिला कि उसका IGL गैस कनेक्शन बंद होने वाला है. मदद के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी. फाइल इंस्टॉल करते ही साइबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से करीब 2 लाख 64 हजार रुपये निकाल लिए.जांच के दौरान खरीदे गए मोबाइल फोन के IMEI नंबर ट्रेस किए गए. डिलीवरी का पता शाहीन बाग का मिला, जहां से एक युवक को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह साइबर ठगों के लिए पार्सल रिसीव कर उन्हें कोलकाता भेजता था. इसके बाद जांच कोलकाता और झारखंड तक पहुंची, जहां से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.