News Pratyaksh


समस्तीपुर में चौंकाने वाला मामला: मृत समझी गई छात्रा का वीडियो आया सामने, बोली- "मैं जिंदा हूं और सुरक्षित हूं" :

News Pratyaksh | Updated : Tue 30th Jun 2026, 12:14 pm
समस्तीपुर में चौंकाने वाला मामला: मृत समझी गई छात्रा का वीडियो आया सामने, बोली- "मैं जिंदा हूं और सुरक्षित हूं" : बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की एक स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा, जो 21 जून को दादी की दवा लाने के लिए घर से निकली थी और लापता हो गई थी, अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खुद को जिंदा और सुरक्षित बता रही है।
परिजनों ने युवती के अपहरण की आशंका जताते हुए 23 जून को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी बीच 27 जून को बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में तालाब किनारे बोरे में बंद एक सड़ा-गला शव मिला। शव की पहचान परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
लेकिन दाह संस्कार की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में छात्रा ने दावा किया कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। उसने अपनी तस्वीरें और अन्य वीडियो भी साझा किए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद परिवार और पुलिस दोनों हैरान हैं। दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार ने बताया कि युवती का वीडियो सामने आया है और उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। साथ ही वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की सुरक्षित बरामदगी फिलहाल प्राथमिकता है।